रोहतकः अब हरियाणा के रोहतक इलाके में एक छोटी बच्ची की लाश मिली है। बच्ची का शव एक बैग के अंदर बंद था। इतना ही नहीं बच्ची के शव के साथ छेड़छाड़ की गई है। उसके शव के कुछ अंग भी गायब है। लाश को बैग में बंद करके नहर में फेंक दिया गया था।
ये बैग रोहतक के टिटोली गांव की नहर में मिला है। जिसमें लगभग 8 से 10 साल की एक बच्ची का शव मिला। बच्ची की पहचान नहीं हो पाई है। शव के हालात काफी बदहाल हैं। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की है।
बच्ची के हाथ को जानवरों ने नोचा हुआ था। बच्ची की पहचान लाल रंग की टी-शर्ट, काली निक्कर व लम्बे बालों से हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एफ.एस.एल. टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पी.जी.आई. भेज दिया। जहां आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक बच्ची के साथ रेप करने के बाद शव को खुर्दबुर्द करने का प्रयास किया गया है।
ये वारदात 4 से पांच दिन पहले की बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।